सही फिटिंग और नाक पर क्लिप वाला मास्क चुनें, पहनने से पहले साबुन से धोएं; चश्मे की धुंध को हटाने में 4 तरीके हैं मददगार

सोशल डिस्टेंसिंग, हाइजीन और मास्क। महामारी की शुरुआत से ही हम इन तीन चीजों का इस्तेमाल खुद को वायरस से बचाने के लिए कर रहे हैं। खासतौर से मास्क हमारा रोज का साथी बन चुका है। बगैर चेहरे को कवर किए हम किसी भी सार्वजनिक जगह पर जाने के बारे में नहीं सोच सकते। सुरक्षा का साथी मास्क, नजर का चश्मा पहनने वाले लोगों के परेशानी का कारण भी बना हुआ है। कई बार सांस लेने के कारण चश्मे पर फॉग यानी धुंध जम जाती है, जिससे दिखाई नहीं देता। कई मामलों में यह खतरनाक भी हो सकता है।

क्या है मास्क के कारण चश्मे पर फॉग का कारण?
जब हम मास्क पहनते हैं तो अंदर की गर्म हवा सांस के जरिए किनारों से बाहर चली जाती है। इसके बाद जब यह गर्म हवा ठंडे लेंस पर जमा होती है तो सतह पर फॉग जमा हो जाता है। यह चीज ठंडे मौसम में और भी ज्यादा परेशानी का कारण बनती है।

अगर आप चश्मा पहनते हैं और इस तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं तो ये 4 टिप्स आपकी मदद कर सकती हैं

1) नाक पर क्लिप वाला मास्क चुनें: चश्मे पर फॉग जमा होने का सबसे बड़ा कारण है सांस का मास्क से बाहर आना। ऐसे में क्लिप वाले मास्क आपकी मदद कर सकते हैं। यह क्लिप्स पतली पट्टी (स्ट्रिप्स) की तरह होती हैं, जिसे आप आसानी से दबाकर नाक के पास मास्क को टाइट कर सकते हैं। यह क्लिप्स चश्मे की ओर गर्म हवा को जाने से रोकती हैं।

अगर आपके मास्क में क्लिप नहीं है तो आप टेप की मदद ले सकते हैं। मेडिकल टेप या बैंडेज की मदद से मास्क का ऊपरी हिस्सा कवर कर लें। ध्यान रखें कि इस काम के लिए घर में इस्तेमाल होने वाले डक्ट टेप या पैकिंग टेप का उपयोग न करें। इससे आपकी स्किन में जलन हो सकती है।

2) चश्मे को मास्क के ऊपर पहनें: इसका आसान सा उपाय यह हो सकता है कि आप मास्क को नाक के ऊपर की तरफ खींच कर पहनें, जिससे चश्मा मास्क के ऊपर आ जाए। चश्मे का वजन इस काम में आपकी मदद करेगा। ऐसे में मुंह या नाक से निकलने वाली गर्म हवा की चश्मे तक पहुंचने की संभावना कम हो जाएगी। इस दौरान ध्यान रखें कि मास्क ठुड्डी की तरफ से ऊपर न उठ जाए।

एक और इसका उपाय यह हो सकता है कि मास्क के नीचे टिश्यू पेपर का टुकड़ा रख लें। अगर आप टिश्यू को मोड़कर मास्क की क्लिप के नीचे रखेंगे तो यह नमी को सोखने में मददगार हो सकता है।

अगर हवा मास्क के बाहर जा रही है तो समझ जाएं कि आप गलत फिटिंग वाले मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। पहले तो सही फिटिंग वाला मास्क चुनें और चेहरे पर थोड़ा कसकर पहनें।

3) साबुन और पानी: अपने चश्मे को साबुन और पानी से धोना भी मददगार हो सकता है। फॉग जमा न हो इसके लिए चश्मे को साबुन और पानी से धो लें और नमी को हटा दें। इसके बाद तो चश्मे को सूखने दें या साफ माइक्रो फाइबर कपड़े से इसे साफ कर लें। कई स्टडीज भी इस तरीके का समर्थन करती हैं। अब सवाल उठता है कि साबुन और पानी इस मामले में कैसे मदद कर सकते हैं? इसका जवाब है कि साबुन का पानी एक पतली फिल्म छोड़ जाता है, जो पानी के मॉलिक्यूल्स को ऐसे ड्रॉपलेट्स बनाने से रोकती है। यही ड्रॉपलेट्स बाद में फॉग का कारण बनते हैं।

हालांकि, इस उपाय को करते वक्त ध्यान रखें कि आपके चश्मे पर कोई कोटिंग तो नहीं है। कई बार लेंस काफी महंगा होता है और आपकी एक गलती से खराब भी हो सकता है। अगर आपके लेंस पर कोई खास कोटिंग की गई है तो इस उपाय को करने से पहले ऑप्टिशियन की सलाह जरूर लें।

4) अब एक ही रास्ता है शॉपिंग: अगर कोई भी उपाय आपकी मदद नहीं कर पा रहा है तो शॉपिंग के बारे में सोचें। बाजार में या ऑनलाइन फ्लेटफॉर्म पर एंटी फॉगिंग स्प्रे और वाइप्स मौजूद हैं। हालांकि, यह उपाय थोड़ा महंगा हो सकता है। वाइप्स में इथेनॉल के साथ एब्सॉर्बेंट सिलिकॉन कंपाउंड्स का मिश्रण होता है। इससे साफ करने के बाद जब लेंस पर से अल्कोहल उड़ जाएगा तो पीछे एक पतली फिल्म रह जाएगी। यह फिल्म फॉग बनने से रोकेगी। एंटी फॉग स्प्रे के अलावा आप एंटी फॉग लेंस का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

इस मामले में भी खरीदने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें, क्योंकि आप नहीं चाहेंगे कि कोई भी स्प्रे लैंस को नुकसान पहुंचाए। इसके साथ ही अगर ऑनलाइन खरीदी कर रहे हैं तो रिव्यूज भी ध्यान से देख लें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Choose the mask with the correct fitting and clip on the nose, wash with soapy water before wearing; 4 Ways to Help Remove Glassy Mist

No comments

Thanks For Giving Us Feedback !!