अब आप में वॉट्सऐप से कर सकेंगे पेमेंट; NPCI ने दी भारत में UPI बेस्ड सिस्टम लॉन्च करने की इजाजत, पेटीएम-गूगल पे को मिलेगी कड़ी टक्कर

अब आप इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप के जरिए पेमेंट कर सकेंगे। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने वॉट्सऐप को यूपीआई (UPI) बेस्ड पेमेंट सिस्टम लॉन्च करने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है।

इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म दो साल से भुगतान पद्धति का परीक्षण कर रहा था लेकिन प्राइवेसी को लेकर मामला अटका हुआ था। फेसबुक की तरफ से लगातार भारत सरकार को वॉट्सऐप पे लॉन्च करने को लेकर बातचीत चल रही थी। हालांकि, अब इसे अप्रूवल मिल गया।

फेज वाइज होगा लाइव

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा गुरुवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वॉट्सऐप को पेमेंट मॉडल को लाइव करने की अनुमति फेज वाइज मिली है। यानी कि कई अलग-अलग फेज में इसे लाइव किया जाएगा। शुरुआत में कंपनी को 20 मिलियन UPI यूजर बेस की इजाजत मिली है, लेकिन बाद में इसे ग्रेडेड मैनर में इसका दायरा बढ़ाया जा सकेगा।

NPCI की विज्ञप्ति में कहा गया है कि वॉट्सऐप पेमेंट सिस्टम के लिए गो लाइव का अप्रूवल दे दिया गया है। चूंकि,काफी समय से वॉट्सऐप इस पर काम कर रहा था इसलिए इस सर्विस को अब जल्द ही लॉन्च कर दिया जाएगा।

पेटीएम को मिलेगी कड़ी टक्कर

बता दें कि इस सर्विस के शुरू होने से डिजिटल पेमेंट मार्केट में पेटीएम, गूगल पे और फोन पे को कड़ी टक्कर मिलेगी। वर्तमान में UPI आधारित पेमेंट्स सर्विस देने वाले 45 से ज्यादा थर्ड पार्टी ऐप्स हैं जिनमें गूगल पे, अमेजन पे, फ्लिपकार्ट और फोन पे शामिल हैं। इसके अलावा 140 बैंक जैसे पेटीएम पेमेंट्स बैंक, एयरटेल पेमेंट्स बैंक और एक्सिस बैंक भी ये सेवाएं देते हैं।

बता दें कि पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा वॉट्सऐप का लगातार विरोध करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि यूजर के लिए यह सर्विस सुरक्षित नहीं है और इसमें फ्रॉड होने का खतरा है। बता दें किभारत वॉट्सऐप के लिए सबसे बड़ा मार्केट है। भारत में वॉट्सऐप के कुल 40 करोड़ से ज्यादा एक्टिव यूजर्स हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
अब जल्द ही वॉट्सऐप पर पेमेंट का ऑप्शन आ जाएगा

No comments

Thanks For Giving Us Feedback !!